13 सितंबर को देव गुरु बृहस्पति की चाल में बदलाव होगा। काशी के ज्योतिषाचार्य पं. गणेश मिश्र के मुताबिक बृहस्पति ग्रह 122 दिन वक्री स्थिति में रहने के बाद आने वाले रविवार को मार्गी हो जाएगा। मार्गी यानी पृथ्वी से देखने पर सीधी चाल से चलता हुआ दिखाई देगा। धार्मिक काम, बौद्धिक क्षमता, पद-प्रतिष्ठा और मान-सम्मान के कारक ग्रह गुरु के मार्गी होने का असर देश-दुनिया सहित सभी राशियों पर नजर आएगा। गुरु को सौम्य ग्रह माना गया है। जहां इसकी दृष्टि होती है वहां अशुभ ग्रहों का असर कम हो जाता है। चीजें अनुकूल हो जाती हैं इसलिए बृहस्पति की दृष्टि को भी बहुत शुभ माना गया है। 4 महीने बाद बृहस्पति की चाल में बदलाव होने से सभी राशियों पर इसका खास असर पड़ेगा।
20 नवंबर तक रहेगा बृहस्पति का असर
13 सितंबर, रविवार को गुरु धनु राशि में मार्गी होगा। इससे पहले 30 मार्च को बृहस्पति मकर राशि में था। फिर 14 मई को वक्री हुआ था। यानी धीमी गति से चलने लगा था। इस तरह वक्री होने के कारण 30 जून को ये ग्रह अपनी ही राशि यानी धनु में आ गया था। अब 13 सितंबर को फिर से मार्गी हो जाएगा। यानी बृहस्पति ग्रह सीधी चाल से चलने लगेगा और 20 नवंबर को मकर राशि में जाने तक मार्गी ही रहेगा। पं. मिश्र का कहना है कि कोई भी ग्रह वक्री होता है तो पीछे की तरफ चलते हुए व मार्गी होता है तो आगे की तरफ चलते हुए दिखाई देता है। गुरु के मार्गी होने का असर सभी राशियों पर नजर आएगा।
देश-दुनिया और मौसम पर असर
गुरु के मार्गी होते ही व्यापार-व्यवसाय में तेजी आने की संभावना है। सराफा बाजार पर भी इस ग्रह का अच्छा असर होने की उम्मीद है। बृहस्पति के कारण भारत के अन्य पड़ोसी देशों से संबंधों में सुधार होगा। उत्तर दिशा वाले देशों से जुड़ा तनाव भी कम होने की संभावना है। देश में शिक्षा और धार्मिक जगहों से जुड़े बड़े फैसले होने का योग बन रहा है। बृहस्पति की चाल में बदलाव होने से देश कुछ हिस्सों में बारिश रहेगी। वहीं, कुछ जगहों पर गर्मी और उमस का माहौल बनेगा। बड़े राजनीतिक उलटफेर होने की भी संभावना है।
4 राशियों के लिए शुभ
धनु राशि में बृहस्पति की मार्गी चाल से मेष, मिथुन, सिंह और वृश्चिक राशि वालों के लिए समय शुभ रहेगा। इन 4 राशि वालों को कामकाज में किस्मत का साथ मिलेगा। मेहनत का फायदा भी होगा। रोजमर्रा के काम समय पर पूरे होंगे। तरक्की के मौके मिल सकते हैं। बड़े कामों की योजनाएं बनेंगी और उनसे फायदा भी मिलेगा। धन लाभ और फायदे वाला समय रहेगा।
8 राशियों को रहना होगा संभलकर
बृहस्पति के कारण वृष, कर्क, कन्या, तुला, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा। इन 8 राशि वालों को सेहत के मामलों में संभलकर रहना चाहिए। जल्दबाजी से बचना होगा। सोच-समझकर बोलना होगा। बातचीत में कोई राज की बात उजागर हो सकती है। जॉब और बिजनेस में मेहनत का फायदा नहीं मिल पाएगा। रोजमर्रा के कामों से जुड़े अनचाहे बड़े फैसले होने की आशंका है। धन हानि के योग भी बन रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

Post a Comment